ग्राफिक एरा हॉस्पिटल में लूटपाट का आरोप
“ऑपरेशन के नाम पर मरीजों से लाखों की वसूली, मृतकों से भी लूट” – जन संघर्ष मोर्चा
विकासनगर। ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, धूलकोट (देहरादून) पर मरीजों के साथ लूटपाट और हैवानियत की गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ऑपरेशन के नाम पर मरीजों से जबरन लाखों रुपये वसूल रहा है। जरूरत न होने पर भी मरीजों को ऑपरेशन की ओर धकेला जा रहा है।
नेगी ने कहा कि अस्पताल मृत मरीजों से भी दवाइयों, स्टेंट, वेंटिलेटर आदि के नाम पर लूटपाट कर रहा है। खासकर अन्य प्रदेशों से आने वाले मरीजों को निशाना बनाकर भारी वसूली की जा रही है।
दो बड़े मामले सामने आए
रघुनाथ सिंह नेगी ने दो ठोस उदाहरण दिए:
1. माइनर ब्रेन हेमरेज का मरीज: अस्पताल ने जान का खतरा बताकर तत्काल ऑपरेशन की बात कहते हुए परिवार से 25 लाख रुपये जमा करने को कहा। मोर्चा के हस्तक्षेप के बाद दूसरे स्पेशलिस्ट डॉक्टर से इलाज कराया गया। बिना ऑपरेशन के मात्र एक से सवा लाख रुपये में मरीज एक हफ्ते में ठीक होकर घर चला गया।
2. मृत मरीज का मामला: एक मरीज की मृत्यु के बाद परिजनों से सवा दो लाख रुपये मांगे गए, जिसमें स्टेंट डालने का दावा किया गया। मोर्चा के दखल के बाद अस्पताल प्रबंधन को टाइट किया गया, तब जाकर मात्र 18-20 हजार रुपये में डेड बॉडी सौंपी गई।
नेगी ने आरोप लगाया कि आयुष्मान कार्ड के नाम पर सरकार को चूना लगाने के साथ-साथ मरीजों से अतिरिक्त शुल्क भी वसूला जा रहा है।
जन संघर्ष मोर्चा ने अस्पताल प्रशासन को सख्त चेतावनी दी है कि लूटपाट बंद न की तो अस्पताल पर हमेशा के लिए ताला लगवा दिया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में पछ्वादून अध्यक्ष अमित जैन और ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी मौजूद रहे।




