भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से की व्यापक भागीदारी की अपील

देहरादून
भारतीय जनता पार्टी देहरादून महानगर की पांचों विधानसभाओं में 9 अगस्त को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने की।
अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं और युवाओं से आवाहन किया कि 9 अगस्त को होने वाली यह तिरंगा यात्रा प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भव्य रूप में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि महानगर का प्रत्येक युवा बड़े उत्साह के साथ इस रैली में शामिल होने के लिए तैयार है। तिरंगे के सम्मान में इस यात्रा में अपनी सहभागिता निभाना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि महानगर स्तर पर सभी विधानसभाओं में संगठन द्वारा तिरंगे का वितरण किया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा द्वारा 9 अगस्त से 15 अगस्त तक राष्ट्रव्यापी तिरंगा यात्रा अभियान चलाया जा रहा है। महानगर देहरादून के प्रत्येक घर पर तिरंगा लहराना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आवाहन है कि प्रत्येक भारतवासी तिरंगे के सम्मान में इस यात्रा में सहभाग करें और अपने घर पर तिरंगा लहराकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दें। हम सब मिलकर तिरंगा लहराकर स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों का सम्मान करें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली और कैंट विधायक सविता कपूर ने भी सभी कार्यकर्ताओं एवं युवाओं से अपील की कि 9 अगस्त की तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ एकजुट होकर राष्ट्रव्यापी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हों।
बैठक में दर्जाधारी मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला, कुलदीप बुटोला, यशपाल बिष्ट, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, विनय गोयल ,राहुल लारा सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



