देहरादून/दिल्ली
दिल्ली प्रेस की कृषि पत्रिका ‘फार्म एन फूड’ द्वारा आयोजित फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स–2026 (उत्तराखंड) का भव्य आयोजन आज आईआरडीटी ऑडिटोरियम, देहरादून में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड के ग्रामीण विकास मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश के प्रगतिशील किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि उद्यमियों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि संस्थानों तथा कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों व संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक, कृषि यंत्रीकरण, जलवायु अनुकूल खेती, बागवानी तथा किसानों की आय बढ़ाने के सफल प्रयासों को प्रोत्साहित करना था।
विशिष्ट अतिथि ग्रामीण विकास मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और ग्रामीण विकास को एक-दूसरे का पूरक मानते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं चल रही हैं। मंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में सेब उत्पादन लगातार बढ़ रहा है और किसान इससे बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने, मूल्य संवर्धन करने तथा कृषि आधारित उद्यमों की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
फार्म एन फूड पत्रिका ने भविष्य में भी किसानों, वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं तथा कृषि उद्योग के बीच सहयोग को सशक्त बनाने और कृषि क्षेत्र की प्रेरक कहानियों को देशभर तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से 200 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग किया। लगभग 25 प्रगतिशील किसानों तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों व संस्थाओं को राज्य स्तरीय कृषि सम्मान से सम्मानित किया गया।



