देहरादून/विक्रम श्रीवास्तव
कांग्रेस पार्टी के पूर्व सैनिक विभाग (सैनिक प्रकोष्ठ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) रोहित चौधरी ने गुरुवार को देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की अग्निवीर (अग्निपथ) भर्ती योजना पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे देश की सैन्य परंपरा, राष्ट्रीय सुरक्षा और वीरभूमि उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताया।
कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड के युवाओं में देशसेवा का जज़्बा कूट-कूट कर भरा है, लेकिन केंद्र सरकार की इस अल्पकालिक योजना ने उनके स्थायी भविष्य और सपनों को चकनाचूर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चार वर्ष की यह योजना सेना की युद्धक क्षमता और मनोबल को कमजोर कर रही है। देश को ‘कॉन्ट्रैक्ट’ पर आधारित सेना नहीं, बल्कि स्थायी और प्रशिक्षित सैनिकों की आवश्यकता है।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी राष्ट्रीय सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने दोहराया कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही अग्निवीर योजना को समाप्त कर दिया जाएगा और सेना में पुरानी स्थायी भर्ती प्रक्रिया को पुनः बहाल किया जाएगा।
इस मौके पर कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने भी केंद्र सरकार की नीति की कड़ी आलोचना की। डॉ. रावत ने कहा, “उत्तराखंड का हर दूसरा परिवार भारतीय सेना से जुड़ा है। केंद्र सरकार की इस गलत नीति के कारण आज हमारे राज्य का युवा हताश और ठगा हुआ महसूस कर रहा है। मात्र चार वर्ष की नौकरी देकर सरकार युवाओं को अधर में लटका रही है। कांग्रेस राज्य के युवाओं के अधिकारों और राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं करेगी। आगामी विधानसभा चुनावों में उत्तराखंड की जनता इस दमनकारी योजना का जवाब भाजपा को सत्ता से बेदखल करके देगी।”
विरोध प्रदर्शन रैली भी निकाली
पत्रकार वार्ता के समापन के तुरंत बाद कर्नल रोहित चौधरी और डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में अग्निवीर योजना के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन रैली निकाली गई। रैली कांग्रेस मुख्यालय से प्रारंभ होकर ऐतिहासिक घंटाघर पहुंची। वहां से कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार विरोधी नारों के साथ लैंसडाउन चौक का रुख किया। लैंसडाउन चौक पर प्रदर्शन के बाद रैली वापस कांग्रेस कार्यालय आकर शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुई। रैली में भारी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सैनिक विभाग कर्नल रोहित चौधरी, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदेश पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, प्रदेश उपाध्यक्ष सैनिक विभाग गोपाल गड़िया, बलबीर सिंह पंवार, आर.पी. धीयानी, महेश कुकरेती, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रवक्ता अभिनव थापर, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, पूर्व प्रमुख अश्वनी बहुगुणा, सूरत सिंह नेगी, अशोक नेगी, शेखर सकलानी, श्रीजीत कृषाली, संजय उपाध्याय, मोहित उनियाल, सोनिया आनंद रावत, सावित्री, प्रशांत खंडूरी, मनीष गोनियाल, यशपाल चौहान, वीरेंद्र पंवार, सूरज छेत्री सहित अनेक पूर्व सैनिक, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।



