देहरादून में 10 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट
भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान
देहरादून
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए अगले पांच दिनों की जनपद-स्तरीय मौसम चेतावनी जारी की है। राजधानी देहरादून समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट दिया गया है। सबसे गंभीर स्थिति 10 अगस्त को बताई गई है, जब देहरादून में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही इन क्षेत्रों में तेज गरज के साथ वर्षा की तीव्र से अत्यंत तीव्र अवधि और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई गई है।
दिनवार चेतावनी (देहरादून के संदर्भ में)
• 09 अगस्त: देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी बारिश संभव। हरिद्वार व ऊधम सिंह नगर में गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना।
• 10 अगस्त: देहरादून में ऑरेंज अलर्ट। भारी से बहुत भारी बारिश और तेज आकाशीय बिजली का खतरा।
• 11 अगस्त: देहरादून सहित उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश।
• 12 अगस्त: देहरादून, टिहरी और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका।
मौसम विभाग ने पहाड़ी जिलों में भी तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
देहरादून में 10 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट -जनता से अपील
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदियों-नालों के किनारे रहने वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने और बिजली के तारों व पेड़ों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। निचले इलाकों में जलभराव की संभावना को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



