विकासनगर/शैलेंद्र कुमार
विकासनगर के झाझरा क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार ने कहर बरपाया। प्रेमनगर से विकासनगर की ओर जा रहे दो ऑटो रिक्शा चालक एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में अपनी क्षमता से अधिक गति से वाहन दौड़ा रहे थे। तभी विकासनगर की तरफ से आ रही एक तेज कार अचानक उनके सामने आ गई। नियंत्रण खो बैठे एक रिक्शा चालक ने जोर से ब्रेक लगाई, जिसके परिणामस्वरूप एक-दूसरे के आगे-पीछे दौड़ रहे दोनों ऑटो रिक्शा सड़क पर पलट गए। घटना में एक रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए और सड़क पर कांच के टुकड़े बिखरे नजर आए। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों चालक होड़ में इतने मगन थे कि सामने से आ रहे वाहन को समय पर देख नहीं पाए। पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।



