क्लेमेंटाउन के निजी शिक्षण संस्थान में औचक छापा, 100 छात्र-छात्राओं का टेस्ट
“ड्रग्स फ्री कैंपस” अभियान में पुलिस का कड़ा संदेश – जीरो टॉलरेंस
देहरादून
दून पुलिस ने “ड्रग्स फ्री कैंपस” अभियान के तहत क्लेमेंटाउन क्षेत्र के एक निजी शिक्षण संस्थान में बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण कर कड़ा संदेश दिया है कि शिक्षण संस्थानों में नशे की कोई जगह नहीं है। ANTF और डॉक्टरों की संयुक्त टीम ने संस्थान में अध्ययनरत 100 छात्र-छात्राओं का रैंडम यूरिन टेस्ट किया। सभी रिपोर्ट नेगेटिव आईं। पुलिस ने साफ चेतावनी दी कि यदि कोई छात्र-छात्रा नशे का सेवन करता पाया गया, तो न केवल उसके खिलाफ, बल्कि संबंधित शिक्षण संस्थान के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संस्थानों को यह समझ लेना चाहिए कि परिसर में नशे की कोई भी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रमेन्द्र डोबाल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान छात्रों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि “ड्रग्स फ्री कैंपस” केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जीरो टॉलरेंस की नीति है।अन्य शिक्षण संस्थानों में भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। स्थानीय और बाहरी राज्यों से आए छात्र-छात्राओं ने पुलिस की इस कड़ी पहल की सराहना की।



