स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत मुम्किन है डेवलपमेंट फाउंडेशन का अनोखा कार्यक्रम
देहरादून, 3 जुलाई 2026। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत मुम्किन है डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा गांधी पार्क में स्वच्छता जागरूकता पर आधारित रंगारंग कठपुतली नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, मॉर्निंग वॉकर्स और पर्यटक शामिल हुए और स्वच्छता का संदेश ग्रहण किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम, स्वच्छ सार्वजनिक स्थानों के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। बता दें कि देहरादून शहर में प्रतिदिन लगभग 400 मीट्रिक टन ठोस अपशिष्ट उत्पन्न होता है। ऐसे में केवल नगर निगम के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छ शहर का निर्माण संभव है।
पांच कठपुतली कलाकारों ने गीत, संगीत, हास्य और संवाद के माध्यम से गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव तथा Reduce, Reuse और Recycle के सिद्धांत को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को न सिर्फ मनोरंजन प्रदान किया बल्कि स्वच्छता के प्रति प्रेरित भी किया। बच्चों ने बड़े उत्साह से कार्यक्रम में भाग लिया और स्वच्छता संबंधी सवालों के उत्तर भी दिए।

मुम्किन है डेवलपमेंट फाउंडेशन की निदेशिका प्रगति सदाना ने कहा
“स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने के लिए केवल अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना आवश्यक है। कठपुतली नाटक जैसी पारंपरिक लोक कला सामाजिक संदेशों को सरल, प्रभावी और मनोरंजक तरीके से लोगों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाए तो स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।”
कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने कचरे का स्रोत पर पृथक्करण करने, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा अपने परिवार व आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य नागरिक
संयुक्त नागरिक संगठन के सुशील त्यागी, आई.बी. सिंह, अवधेश शर्मा, मुकेश राणा, उमेश सिंह रावत सहित अनेक प्रमुख नागरिक मौजूद रहे। सभी ने स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ओएनजीसी तेल भवन देहरादून और मुम्किन है डेवलपमेंट फाउंडेशन के स्वयंसेवकों एवं टीम सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था ने भविष्य में भी ओएनजीसी के सहयोग से ऐसे रचनात्मक जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई ।




