देहरादून: ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस लगातार सार्वजनिक स्थानों को ‘मयखाना’ बनने से रोकने के लिए सघन अभियान चला रही है। इसी क्रम में कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने क्षेत्र में सड़क किनारे, खुले स्थानों और गाड़ियों में शराब पीने व पिलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
पुलिस ने 41 व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए पकड़ा। सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई और भविष्य में ऐसी गतिविधि न करने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस अधिनियम के तहत उनके विरुद्ध चालान भी किया गया।
एसएसपी दून के निर्देशों पर कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान तेज किया गया है। पटेलनगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे तथा वाहनों में शराब पीने और हुड़दंग करने वालों पर नकेल कसने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सार्वजनिक स्थानों को शराब पीने का अड्डा बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती बरती जा रही है।
पुलिस का आह्वान
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों की सूचना तुरंत थाने को दें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।




