बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। सिविल कोर्ट बाजपुर में कोर्ट फीस के नाम पर 3500 रुपये रिश्वत मांगने वाले नायब नाजिर ओम चौहान को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत की थी कि उनके विरुद्ध एनआई एक्ट का वाद चल रहा है। दूसरे पक्ष के साथ राजीनामा हो जाने के बाद जब वे राजीनामा दाखिल करने गए तो नायब नाजिर ओम चौहान ने 3500 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और भ्रष्ट कर्मचारी को पकड़वाना चाहता था।
शिकायत की प्रारंभिक जांच सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। आज 16 जुलाई 2026 को टीम ने माननीय सिविल जज जूनियर डिवीजन बाजपुर के कार्यालय में रिश्वत लेते हुए ओम चौहान (पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी निवाड़मुंडी, जसपुर) को गिरफ्तार कर लिया।
निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। उन्होंने भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में जनता से टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर संपर्क करने की अपील की है।
प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।



