अखिल भारतीय कांग्रेस ओबीसी विभाग की ओर से वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट मुजतबा मलिक को उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए विभाग का चुनाव प्रचार प्रभारी नियुक्त किया गया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद की ओर से जारी पत्र में एडवोकेट मुजतबा मलिक को यह जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा गया है कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। उन्हें प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों को विजयी बनाने तथा ओबीसी वर्ग को कांग्रेस के पक्ष में एकजुट करने का कार्य सौंपा गया है।
एडवोकेट मुजतबा मलिक ने अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) सी. वेणुगोपाल के निर्देश पर ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद द्वारा उन्हें उत्तराखंड का चुनाव प्रचार प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय महासचिव के साथ-साथ इस नई जिम्मेदारी को भी पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
मुजतबा मलिक ने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है और सभी वर्गों का पार्टी को अपार समर्थन प्राप्त है। उन्होंने यह भी कहा कि ओबीसी वर्ग को संगठन और विधानसभा टिकटों में उनके अनुपात के अनुसार हिस्सेदारी दी जाएगी।
इस नियुक्ति पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, डॉ. हरक सिंह, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवां, हरिद्वार लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी वीरेंद्र रावत, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसोनी, जिलाध्यक्ष संजय किशोर सहित लालचंद शर्मा, अजय सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, प्रदीप रावत, वीजेंद्र नौटियाल और अभिषेक भंडारी आदि नेताओं ने मुजतबा मलिक को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।




