राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और बीएल संतोष के नेतृत्व में होगी बैठक
मुख्यमंत्री धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत सभी सदस्य शामिल
देहरादून भाजपा प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक बुधवार को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष के नेतृत्व में होने जा रही है। पार्टी के अंदरूनी मतभेदों और घमासान पर लगाम लगाने की कोशिश के रूप में भी इस बैठक को देखा जा रहा है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत कोर ग्रुप के सभी सदस्य शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में पिछले दिनों किए गए कार्यक्रमों की समीक्षा और आने वाले कार्यक्रमों की विवेचना प्रमुख रूप से होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ 2027 के चुनाव के मद्देनजर रणनीति को लेकर भी केंद्रीय नेतृत्व से महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश मिलने की उम्मीद है। इससे पहले कोर कमेटी बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार ग्रुप के सदस्यों और कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विगत चुनाव में हारी गई सीटों पर प्रथम चरण का प्रवास पूरा कर लिया है। इस दौरान प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की गईं। सूत्रों ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एक दिशा में एकजुट होकर पूर्ण क्षमता और मनोयोग से 2027 के चुनाव के लिए जुटें, ताकि प्रचंड बहुमत से जीत हासिल की जा सके।


