एसएसपी देहरादून के निर्देश पर राजपुर पुलिस ने की कार्रवाई; बाइक सीज, लाइटर बरामद
देहरादून।
सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाहत एक युवक को भारी पड़ गई। राजपुर रोड पर मोटरसाइकिल पर पीछे कमर में पिस्टलनुमा गैस लाइटर लगाकर चलते हुए बनाए गए वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
वायरल वीडियो में मोटरसाइकिल संख्या यूके-08-एबी-2380 पर सवार युवक को राजपुर रोड पर घूमते हुए दिखाया गया था, जिससे आमजन में भय की भावना फैली। एसएसपी देहरादून ने इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना राजपुर के थानाध्यक्ष को तुरंत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही राजपुर पुलिस ने युवक और वाहन का पता लगाकर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि वाहन चालक गौरव कुमार (उम्र 18 वर्ष), पुत्र श्री सिताब सिंह, निवासी हिम्मतनगर, सहारनपुर है। उसने शौकिया तौर पर वीडियो बनाने के लिए शॉपिंग ऐप के माध्यम से पिस्टलनुमा गैस लाइटर मंगवाया था।
पुलिस ने युवक को सख्त हिदायत दी। मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया और पिस्टलनुमा गैस लाइटर बरामद कर लिया गया।



