ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने वन स्वीकृतियों में तेजी लाने के निर्देश दिए
देहरादून-
ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति और वन स्वीकृतियों की स्थिति की समीक्षा बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, वन स्वीकृतियों की वर्तमान स्थिति और कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएँ। उन्होंने कहा कि सड़कों के रखरखाव का कार्य संबंधित ठेकेदारों द्वारा नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। प्रभावित लोगों को देय मुआवजे का वितरण भी समय पर किया जाए, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए वन स्वीकृतियों की प्रक्रिया में तेजी लाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए प्रतिपूरक वनीकरण हेतु भूमि की उपलब्धता समय रहते सुनिश्चित की जाए, ताकि अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने परियोजना कार्यान्वयन इकाइयों (पीआईयू) को जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों के साथ सतत एवं प्रभावी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को सरल और शीघ्र बनाने के लिए वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने को भी कहा गया।
मंत्री ने सभी संबंधित विभागों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पीएमजीएसवाई की परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें, ताकि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क का लाभ शीघ्र उपलब्ध हो सके।
बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव धीराज गर्ब्याल, पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता संजय पाठक सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



