देहरादून/ऋषिकेश
कांवड़ मेला को पूरी सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से देहरादून पुलिस ने मेला क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर बम डिस्पोजल स्क्वाड ने ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट परिसर, आरती स्थल, नाव घाट, आस्था पथ, बस अड्डा, ट्रांजिट कैंप, रेलवे स्टेशन तथा मुख्य बाजार समेत भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन जांच की।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने दुकानों, बसों और परिसरों की बारीकी से जांच की। साथ ही आमजन से वार्ता करते हुए उन्हें जागरूक किया गया कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति के दिखाई देने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या निकटतम चौकी को सूचना दें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ कर उनके खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस का कहना है कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।



