देहरादून
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (एनआईएसएम) ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के सहयोग से नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित SCOPE कन्वेंशन सेंटर में नेशनल फाइनेंशियल लिटरेसी क्विज़ (एनएफएलक्यू) 2026 के उत्तर क्षेत्रीय दौर का सफलतापूर्वक आयोजन किया। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड तथा उत्तर भारत के अन्य राज्यों से अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट छात्र शामिल हुए।
छात्रों ने वित्तीय बाज़ार, निवेश के नियम, निवेशकों की सुरक्षा और ज़िम्मेदार वित्तीय आदतों से जुड़े विषयों पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लिया। मुंबई में 18-19 जुलाई को हुए पश्चिम क्षेत्रीय दौर के बाद यह एनएफएलक्यू 2026 का दूसरा क्षेत्रीय दौर था।
देशभर में इस पहल में चार लाख से अधिक छात्रों ने अपने कॉलेजों और ऑनलाइन क्वालिफाइंग राउंड के माध्यम से हिस्सा लिया। उनके प्रदर्शन के आधार पर चुनी गई टीमों ने पूर्वी, दक्षिणी, उत्तरी, मध्य, पश्चिमी और पूर्वोत्तर क्षेत्रों के क्षेत्रीय दौरों में प्रतिभागिता की।
एनआईएसएम और सेबी के वरिष्ठ अधिकारियों के विचार
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स के डायरेक्टर श्री सशी कृष्णन ने प्रतिभागी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “वित्तीय साक्षरता का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं को सही समय पर सूचित, जिम्मेदार और आत्मविश्वासपूर्ण वित्तीय निर्णय लेने में सक्षम बनाना है। एनएफएलक्यू वित्तीय साक्षरता को प्रतिस्पर्धी और संवादात्मक माहौल में पेश करता है। इससे छात्रों की समझ बेहतर होती है और उनमें वित्तीय परिवेश के बारे में जानने की इच्छा बढ़ती है। इस पहल को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया से स्पष्ट है कि भारत के युवाओं में व्यावहारिक वित्तीय जानकारी प्राप्त करने की इच्छा बढ़ रही है।”
सेबी के सीजीएम एवं क्षेत्रीय निदेशक श्री विजयंत कुमार वर्मा ने कहा, “भारत के सिक्योरिटीज मार्केट को लगातार आगे बढ़ाने के लिए आज की युवा पीढ़ी का वित्तीय रूप से जागरूक होना बेहद जरूरी है। एनएफएलक्यू जैसी पहल छात्रों को शुरुआती दौर में ही सोच-समझकर निवेश करने, निवेशकों के अधिकारों, बाज़ार के नियमों और जोखिम जैसे विषयों की जानकारी देकर उन्हें वित्तीय व्यवस्था में जिम्मेदारी से भाग लेने के लिए तैयार करती है।”
उत्तराखंड के छात्रों का शानदार प्रदर्शन अंडरग्रेजुएट श्रेणी में शीर्ष तीन स्थानों पर उत्तराखंड और आसपास के संस्थानों का दबदबा रहा:
• प्रथम पुरस्कार – 40,000 रुपये : बीएफएसआई विभाग, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी
• द्वितीय पुरस्कार – 30,000 रुपये : कॉमर्स एवं फाइनेंस विभाग, क्वांटम स्कूल ऑफ ग्रेजुएट स्टडीज
• तृतीय पुरस्कार – 20,000 रुपये : प्रबंधन विभाग, मित्तल स्कूल ऑफ बिजनेस
पोस्टग्रेजुएट श्रेणी में भी उत्तराखंड के संस्थानों ने अच्छी जगह बनाई , राष्ट्रीय फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाले उत्तरी क्षेत्र के प्रमुख संस्थान
अंडरग्रेजुएट श्रेणी में उत्तरी क्षेत्र से 12 कॉलेज आगे बढ़े, जिनमें उत्तराखंड के कई प्रमुख संस्थान शामिल हैं। इनमें ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, क्वांटम स्कूल ऑफ ग्रेजुएट स्टडीज, मित्तल स्कूल ऑफ बिजनेस, पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (हल्द्वानी) आदि प्रमुख हैं।
पोस्टग्रेजुएट श्रेणी में भी ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी (भीमताल), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट काशीपुर, मित्तल स्कूल ऑफ बिजनेस और उत्तरांचल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट जैसे संस्थान राष्ट्रीय चरण में पहुंचे हैं।
राष्ट्रीय फाइनल नवंबर में
एनएफएलक्यू 2026 जुलाई से सितंबर 2026 तक चलेगा। मुंबई, नई दिल्ली, बेंगलुरु, भोपाल, गुवाहाटी और कोलकाता में क्षेत्रीय दौर आयोजित किए जा रहे हैं। सभी क्षेत्रीय दौरों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीमें नवंबर 2026 में महाराष्ट्र के रसायनी (पातालगंगा) स्थित एनआईएसएम परिसर में होने वाले राष्ट्रीय फाइनल में हिस्सा लेंगी।

यह क्विज़ वित्तीय उत्पादों, बाज़ार के कामकाज, निवेशकों के अधिकारों, संबंधित नियमों और बाज़ार मध्यस्थों की भूमिका जैसे विषयों को कवर करता है। इसका उद्देश्य युवाओं को सोच-समझकर वित्तीय निर्णय लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।



