शिक्षिका ने पुलिस को दी तहरीर, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू
स्कूल में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
रामनगर/ राजीव अग्रवाल
रामनगर कोतवाली क्षेत्र स्थित यूएसआर इंदु समिति के दिव्यांग विद्यालय से दो दिव्यांग बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है। विद्यालय की शिक्षिका अनुप्रिया शर्मा ने शुक्रवार को रामनगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और दोनों बच्चों की जल्द से जल्द तलाश किए जाने की मांग की।
शिक्षिका की तहरीर के अनुसार, संस्था से 6 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे दो बालक कहीं चले गए, जिनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। तहरीर में बताया गया है कि एक बालक का नाम देवा है, जिसकी उम्र लगभग 14 वर्ष है। वह सामान्य बच्चों की तरह व्यवहार करता है और सुन सकता है। दूसरा बालक श्याम है, जिसकी उम्र भी करीब 14 वर्ष बताई गई है। वह सुन सकता है, लेकिन बोल नहीं पाता तथा मानसिक रूप से कमजोर है। ऐसे में दोनों बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
शिक्षिका अनुप्रिया शर्मा ने पुलिस से अनुरोध किया है कि मामले में तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों बच्चों की जल्द खोजबीन कर उन्हें सुरक्षित बरामद कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चे विशेष आवश्यकता वाले हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही विद्यालय के कर्मचारियों, आसपास के लोगों तथा अन्य संभावित गवाहों से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि बच्चों के जाने की दिशा और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बच्चे किन परिस्थितियों में विद्यालय से बाहर गए, इसके पीछे क्या कारण रहा और कहीं किसी प्रकार की लापरवाही या अन्य वजह तो नहीं है।
गौरतलब है कि पूर्व में भी इस दिव्यांग विद्यालय से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसके चलते इस घटना को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जांच पूरी गंभीरता के साथ आगे बढ़ाई जा रही है।



