रश्मि कश्यप हरिद्वार
कांवड़ मेला 2026: सुरक्षा, रोशनी, पानी और सफाई के पुख्ता इंतजाम
6000 जवान, 8000 नई लाइटें, 65 पानी के टैंकर तैनात; 18 सुपर जोन में बंटा मेला क्षेत्र
हरिद्वार, 30 जुलाई 2026 कांवड़ मेला 2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा से लेकर बिजली, पेयजल और सफाई तक हर स्तर पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
सुरक्षा के लिए 6000 से अधिक जवान तैनात
रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में हुई संयुक्त ब्रीफिंग में एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन ने बताया कि मेले की सुरक्षा में 6000 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ 13 कंपनी केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, पीएसी, आईआरबी, एसडीआरएफ, होमगार्ड और पीआरडी के जवान लगाए जाएंगे।
पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टर में विभाजित किया गया है। निगरानी के लिए 10 ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते भी तैनात रहेंगे। एसएसपी नवनीत सिंह ने जवानों को रेनकोट, टॉर्च और अन्य सुरक्षा उपकरण साथ रखने के निर्देश दिए हैं।

8000 नई स्ट्रीट लाइटें, करंट से बचाव के लिए इंसुलेशन
विद्युत विभाग ने चिड़ियापुर से मोहम्मदपुर झाल तक कांवड़ पटरी पर करीब 8000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई हैं। पूरे हरिद्वार में 3500 अतिरिक्त लाइटें लगाई गई हैं। अधिशासी अभियंता दीपक सैनी ने बताया कि बरसात में लीकेज करंट से बचाव के लिए 870 इंसुलेशन पोल लगाए जा रहे हैं, जिनमें से 400 पोल लग चुके हैं। इस पर कुल ₹3.74 से ₹3.99 करोड़ खर्च होंगे। 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती भी रहेगी।
पेयजल के लिए 65 टैंकर, मोबाइल टॉयलेट की सुविधा
जल संस्थान ने जटवाड़ा पुल से मोहम्मदपुर झाल तक 65 पानी के टैंकर तैनात किए हैं और 10 टैंकर अतिरिक्त रखे गए हैं। अधिशासी अभियंता विपिन चौहान के अनुसार मोबाइल टॉयलेट में पानी की आपूर्ति, पंतदीप पार्किंग, चमगादड़ टापू और मोतीचूर पार्किंग में भी सुविधाएं दी जा रही हैं। इन व्यवस्थाओं के लिए ₹91 लाख का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें से ₹20 लाख प्राप्त हो चुके हैं।
सफाई और शौचालय पर विशेष फोकस
जिला पंचायत ने कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान, आधुनिक शौचालय निर्माण और विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया है। वेक्यूम वेस्ट लिटर पिकर मशीन से भूमंडल हॉस्पिटल और सर्विस लेन के आसपास सफाई की जा रही है। जिला पंचायत का कहना है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।




