देहरादून। दिवंगत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं इंटक के प्रदेश अध्यक्ष श्रद्धेय श्री हीरा सिंह बिष्ट जी की पावन स्मृति में आज अम्बेडकर धर्मशाला, तरला आमवाला (रायपुर विधानसभा) में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श तथा निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने शिविर का लाभ उठाया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं रायपुर विधानसभा के विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि श्रद्धेय हीरा सिंह बिष्ट जी का संपूर्ण जीवन जनसेवा, सादगी और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनकी पावन स्मृति में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर उनके आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने का विनम्र प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनसेवा की भावना के साथ समाज के हर वर्ग के साथ खड़ी रही है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय प्रताप मल्ल, धीरज खरे, प्रदीप सिंह, शुभम चौहान, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष तेजस्वी राणा, गुरुप्रीत सिंह, आदित्य रौथान, प्रवीण शाह, अरशद अहमद, मोंटू सिंह, अमित कुमार, आशीष रावत सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धेय हीरा सिंह बिष्ट जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जनसेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




