देहरादून, 26 जून 2026: अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर रायपुर विधानसभा क्षेत्र में अवैध नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ बड़ी जनजागरूकता मशाल यात्रा निकाली गई।
यात्रा का नेतृत्व उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक आदरणीय प्रीतम सिंह और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनीत प्रसाद भट्ट (बंटू) के नेतृत्व में किया गया। यात्रा में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों, कांग्रेस पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी।
प्रीतम सिंह जी ने कहा,
“नशा आज कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य पर सबसे बड़ा हमला बन चुका है। रायपुर क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे अभिभावक बेहद चिंतित हैं। समय रहते सख्त कार्रवाई न हुई तो गंभीर सामाजिक परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।”
विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा,
“हमारे युवाओं के हाथों में नशे का जहर नहीं, शिक्षा, रोजगार और अवसर होने चाहिए। जो लोग युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानून का सबसे कठोर प्रहार होना चाहिए। यह मशाल यात्रा किसी राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ जनआंदोलन है।”
मशाल यात्रा के बाद प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को ज्ञापन सौंपा और रायपुर क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों के खिलाफ बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता व्यापक लोकतांत्रिक जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने संकल्प लिया कि वे खुद नशे से दूर रहेंगे, युवाओं को जागरूक करेंगे और रायपुर को नशा मुक्त बनाने के लिए निरंतर अभियान चलाएंगे।
“नशा मुक्त रायपुर – सुरक्षित युवा, सुरक्षित भविष्य” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
उपस्थित प्रमुख नेता/कार्यकर्ता:
पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश सचिव सूरत सिंह नेगी, विनीत डोभाल, नगर निगम पार्षद अमित भंडारी, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष तेजस्वी राणा, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव अर्पित राठी, शुभम चौहान, अभिनव बिष्ट, सिद्धार्थ अग्रवाल, मुकेश बसेड़ा, अतुल सक्सेना सहित सैकड़ों कार्यकर्ता।




