स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में मसूरी में ज्ञापन
पालिका सभासद पवन थलवाल और पूर्व सभासद ने किया कड़ा विरोध
मसूरी – धर्मेंद्र सिंह — विद्युत विभाग द्वारा मसूरी में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में पालिका सभासद पवन थलवाल और पूर्व सभासद दर्शन रावत ने आज विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचकर उप खंड अधिकारी पंकज थपलियाल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि वार्ड नंबर 9 में स्मार्ट मीटर लगाने का कड़ा विरोध किया जा रहा है। सभासदों ने कहा कि जब पुराने इलेक्ट्रॉनिक मीटर सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं, तो स्मार्ट मीटर लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने वार्ड नंबर 9 में स्मार्ट मीटर नहीं हटाए तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
पूर्व सभासद दर्शन रावत ने कहा कि कई राज्यों में स्मार्ट मीटर का विरोध हो रहा है। एसडीओ पंकज थपलियाल ने जवाब में कहा कि स्मार्ट मीटर में प्री-पेड और पोस्ट-पेड दोनों विकल्प उपलब्ध हैं। उपभोक्ता अपनी इच्छा अनुसार चुन सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह मीटर जंप नहीं करेगा। एसडीओ ने जनता के भ्रम को दूर करने के लिए शिविर लगाने का सुझाव स्वीकार किया।
सभासद पवन थलवाल ने कहा कि स्मार्ट मीटर में लोड बढ़ने पर अतिरिक्त चार्ज लग सकता है और रिचार्ज समाप्त होने पर बिजली स्वतः कट जाएगी, जिससे आम जनता को परेशानी होगी। उन्होंने विभाग से मांग की कि जनता के भ्रम को दूर करने के लिए तुरंत शिविर लगाया जाए।




