देहरादून, 10 जुलाई 2026: कोटा के बाद अब उत्तराखंड में कांग्रेस की नई पहल ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन होने जा रहा है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई 2026 को देहरादून में इस कार्यक्रम का उद्घोष करेंगे।
यह जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रमुख नेता उपस्थित
बैठक में गणेश गोदियाल के अलावा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, करन माहरा, डॉ. हरक सिंह रावत, काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी, सुरेन्द्र शर्मा, मनोज यादव, विधायक मदन सिंह बिष्ट, गोपाल सिंह राणा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक, एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी, सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित समेत अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बैठक में सभी नेताओं ने कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
गोदियाल का आक्रामक तेवर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। इसका संदेश हर युवा तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने युवाओं का भविष्य चौपट कर दिया है। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद नौजवान रोजगार की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं।
गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा से ‘छात्रों की गूंज’ की शुरुआत की है और 17 जुलाई को उत्तराखंड में इसका उद्घोष होगा। उन्होंने सभी युवा साथियों से कार्यक्रम में बड़े स्तर पर भाग लेने की अपील की है।




