पांचवें दिन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में उमड़ी भारी सहभागिता
सेक्टर-05 के नागरिकों एवं संगठनों ने विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए
आने वाले देहरादून का विजन डॉक्यूमेंट “देहरादून महायोजना-2041” — बंशीधर तिवारी
देहरादून। राजधानी के भावी विकास की रूपरेखा तय करने वाली देहरादून महायोजना-2041 को जनभागीदारी के आधार पर अंतिम रूप देने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा संचालित जनसंवाद अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। अभियान के पांचवें दिन गुरुवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित जनसुनवाई शिविर में सेक्टर-05 के नागरिकों, भू-स्वामियों, सामाजिक संगठनों और हितधारकों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने भू-उपयोग, सड़क नेटवर्क, यातायात प्रबंधन, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, सार्वजनिक सुविधाओं, आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों सहित क्षेत्रीय विकास से जुड़े अनेक मुद्दों पर अपने सुझाव व आपत्तियां दर्ज कराईं।
एमडीडीए अधिकारियों ने सभी सुझावों और आपत्तियों को विस्तार से सुना और उनका विधिवत अभिलेखीकरण किया। जनसुनवाई शिविर में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महायोजना-2041 मात्र भूमि उपयोग का दस्तावेज नहीं है, बल्कि अगले डेढ़ दशक में देहरादून के समग्र विकास, पर्यावरण संरक्षण, बुनियादी सुविधाओं और शहरी विस्तार की व्यापक रूपरेखा है। इसलिए योजना निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता
एमडीडीए का मानना है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र की अपनी विशिष्ट चुनौतियां और आवश्यकताएं हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझाव महायोजना को अधिक व्यावहारिक, संतुलित और भविष्योन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्राधिकरण ने आश्वासन दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी आपत्तियों और सुझावों का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उन्हें योजना में शामिल किया जाएगा।
21 जुलाई तक चलेगा अभियान
एमडीडीए द्वारा 6 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक सभी 12 सेक्टरों में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिक निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज करा सकते हैं। प्राधिकरण का उद्देश्य विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए टिकाऊ विकास मॉडल तैयार करना है।
सोमवार को सेक्टर-06 की जनसुनवाई
जनसंवाद अभियान के अगले चरण में सोमवार को लकसूरिया फार्म, किसनपुर में सेक्टर-06 के नागरिकों के लिए जनसुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा। एमडीडीए ने स्थानीय नागरिकों, भू-स्वामियों और हितधारकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सुझाव देने की अपील की है।
जनता की सहभागिता से और मजबूत बनेगी महायोजना — बंशीधर तिवारी
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा, “यह जनसंवाद अभियान नागरिकों को विकास की निर्णय प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का प्रयास है। विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त सुझाव महायोजना को अधिक समावेशी, व्यावहारिक और जनहितकारी बनाएंगे। हमारा लक्ष्य विकास, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करते हुए देहरादून के लिए एक दूरदर्शी विकास मॉडल तैयार करना है।”
हर सुझाव का गंभीर परीक्षण होगा — मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संचालित हो रही है। प्राप्त प्रत्येक सुझाव और आपत्ति का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार कर विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी एवं विधिक परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से जनसुनवाई शिविरों में सक्रिय भागीदारी कर देहरादून के सुनियोजित विकास में सहयोग देने का आह्वान किया।




