देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम “छात्रों की गूंज” को लेकर देहरादून में परमिशन विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कार्यकर्ताओं को रात 12 बजे कांग्रेस भवन में इकट्ठा होने का आह्वान किया है।
दरअसल, कोटा (राजस्थान) के बाद देहरादून में राहुल गांधी का “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम आयोजित होना है, जिसमें वे प्रदेश के छात्रों-युवाओं से संवाद करेंगे। कांग्रेस ने परेड ग्राउंड को 15 जुलाई से तीन दिनों के लिए पहले ही बुक कर लिया था और आवश्यक शुल्क भी जमा करवा दिया गया था। सारी तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं।

ट्रक देख बिफरे कांग्रेसी
आज प्रेस क्लब से लौटते समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर टेंट सामग्री लादे एक ट्रक खड़ा देखा। इस पर कार्यकर्ता नाराज हो गए। कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल स्वयं मौके पर पहुंचे, स्थिति का मुआयना किया और प्रशासन पर सवाल उठाए।
गोदियाल ने कहा कि कई दिन पहले लिखित आवेदन देने के बावजूद अब तक लिखित परमिशन नहीं मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को रात 12 बजे कांग्रेस भवन में एकत्र होने का आह्वान करते हुए आगे की रणनीति तय करने की बात कही।
यह विवाद राहुल गांधी के कार्यक्रम से ठीक पहले प्रशासन और कांग्रेस के बीच तनाव की स्थिति पैदा कर रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश है और रात की बैठक में कार्यक्रम की सफलता को लेकर अहम फैसले लिए जा सकते हैं।




