सोशल मीडिया पर चर्चा के बाद सचिव ने लोक निर्माण विभाग को जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए
देहरादून। देहरादून-पावंटा साहिब पुराने राजमार्ग पर नंदा की चौकी स्थित टॉन्स नदी पर बने नव-निर्मित पुल के एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने के मामले में उत्तराखण्ड शासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शासन के सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय ने लोक निर्माण विभाग को तीन दिन के अंदर जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
28 जुलाई 2026 को जारी पत्र में सचिव ने मुख्य अभियन्ता, क्षेत्रीय कार्यालय, लोक निर्माण विभाग, देहरादून को लिखा है कि विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों से शासन के संज्ञान में आया है कि नंदा की चौकी स्थित टॉन्स नदी पर बने नए पुल के एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला अत्यंत गंभीर एवं लोकहित से प्रत्यक्ष रूप से संबंधित है।
पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विषयगत प्रकरण में प्राथमिक जांच करते हुए उत्तरदायित्व निर्धारित कर तथ्यों एवं अभिलेखीय साक्ष्यों सहित जांच आख्या प्रत्येक दशा में तीन दिन के भीतर शासन को उपलब्ध कराई जाए। चूंकि मामला अत्यंत संवेदनशील, जनहित एवं लोक सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार का विलंब वांछनीय नहीं है।




