देहरादून/चमोली। श्री बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट एवं अन्य भेंट सामग्री की धनराशि में वित्तीय अनियमितता के मामले में मंदिर समिति का कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को चमोली पुलिस ने देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है।
श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले में शासन और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों से अभियुक्त पर चोरी का आरोप सिद्ध हुआ।
मामले की जानकारी
08 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की लिखित तहरीर पर कोतवाली श्री बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं 316(5) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।
तहरीर में उल्लेख था कि 02 जुलाई 2026 को थाली भेंट की गणना के दौरान अनियमितता सामने आई। मंदिर समिति के अध्यक्ष के आदेश पर गठित विभागीय जांच समिति की प्राथमिक जांच में कर्मचारी प्रमोद नौटियाल द्वारा गणना स्थल से धनराशि और भेंट सामग्री चोरी-छिपे ले जाने के तथ्य सामने आए।
SIT जांच और सबूत
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में SIT गठित किया गया।
जांच के दौरान:
• घटनास्थल का गहन निरीक्षण
• गवाहों के बयान दर्ज
• 02 जुलाई की सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण
सीसीटीवी में स्पष्ट रूप से देखा गया कि प्रमोद नौटियाल ने कई बार गणना कक्ष से धनराशि और भेंट सामग्री को मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाया।
अभियुक्त पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला तथा केसर के पैकेट चोरी करने के आरोप हैं।
गिरफ्तारी
12
जुलाई 2026 की रात्रि को SIT टीम ने देहरादून स्थित अभियुक्त के आवास से प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई चल रही है।
अंतिम दूत की टीम इस मामले की लगातार निगरानी कर रही है। मंदिर समिति और पुलिस के आधिकारिक बयानों के अनुसार यह कार्रवाई श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए की गई है।



