विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य पर आंगनबाड़ी केंद्रों में घटिया गुणवत्ता के सेनेटरी नैपकिन पैड और वेंडिंग मशीनें थोपने का गंभीर आरोप लगाया है। मोर्चा का कहना है कि यह कमीशनखोरी का खेल है, जिसमें महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है।
जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि प्रदेशभर के आंगनवाड़ी केंद्रों में मंत्री रेखा आर्य द्वारा जबरन घटिया सेनेटरी पैड वितरित किए जा रहे हैं। इन पैडों पर ISI/ISSO या किसी अन्य गुणवत्ता मानक का उल्लेख नहीं है।
नेगी ने आरोप लगाया कि लगभग सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें भी थोपी गई हैं, जो व्यावहारिक रूप से सफेद हाथी साबित हो रही हैं। 5 पीस वाले ₹15 के इन पैडों को महिलाएं और किशोरियाँ इस्तेमाल नहीं करना चाहतीं। नतीजतन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने वेतन से इनकी भरपाई करनी पड़ रही है।
मोर्चा ने सवाल उठाया कि इतने संवेदनशील मामले में मंत्री आर्य स्वार्थ सिद्धि के चक्कर में महिलाओं के स्वास्थ्य से क्यों खिलवाड़ कर रही हैं। इन घटिया पैडों से होने वाले संक्रमण की जिम्मेदारी कौन लेगा?
मोर्चा की मांग:
जन संघर्ष मोर्चा ने सरकार से ऐसी भ्रष्टाचार में लिप्त मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है।
पत्रकार वार्ता में पछवादून अध्यक्ष अमित जैन व ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल होंडा भी मौजूद रहे।




