देहरादून। उत्तराखंड पुलिस जवानों के 4600 पे ग्रेड के लंबित मामले ने एक बार फिर से तूल पकड़ लिया है। पुलिसकर्मियों ने 13 जुलाई 2026 को अधिकार सत्याग्रह का आह्वान किया है।
पुलिस परिवार, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस सत्याग्रह में जवान पुलिस मुख्यालय देहरादून (मुख्य द्वार) पर 13 जुलाई 2026, सोमवार को सुबह 11:30 बजे इकट्ठा होंगे।
पुरानी घोषणा और वर्तमान स्थिति
गौरतलब है कि पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंच से बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने वर्ष 2001 बैच के उन पुलिसकर्मियों को ₹4600 ग्रेड पे दिए जाने की घोषणा की थी, जिन्होंने 20 वर्ष की सेवा अवधि पूरी कर ली है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने वेतन विसंगति से जुड़े अन्य मामलों पर कमेटी गठित कर विचार किए जाने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन पुलिसकर्मियों का कहना है कि अभी तक इन घोषणाओं पर ठोस अमल नहीं हो सका है।
मुख्य मांगें
• 4600 पे ग्रेड का तुरंत लागू होना
• पुलिस के अधिकार, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा
• वेतन विसंगतियों का समाधान
प्रदर्शनकारियों ने साफ संदेश दिया है — “अधिकार हमारा, सम्मान हमारा”, “4600 पे ग्रेड हमारा अधिकार”, “न्याय नहीं तो संघर्ष तय”।




