देहरादून। धर्मपुर विधानसभा की जर्जर सड़कों, गहरे गड्ढों, क्षतिग्रस्त नालियों और ध्वस्त जल निकासी व्यवस्था के विरोध में गुरुवार को उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय का जोरदार घेराव किया गया। दोपहर करीब 12:30 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान तेज बारिश भी आंदोलनकारियों के हौसले को नहीं डिगा सकी। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और स्थानीय नागरिक लगातार डटे रहे।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में धर्मपुर विधानसभा के लगभग प्रत्येक वार्ड में सड़कों की दयनीय स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा गया कि बड़े-बड़े गड्ढों में वर्षा का पानी भर जाने से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। नालियों की समुचित सफाई और निकासी व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है, जिससे आमजन, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क और नाली का अंतर भी समाप्त हो गया है।
अधिशासी अभियंता ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए संबंधित सड़कों के सुधार, गड्ढे भरने, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया।
वार्ता के दौरान श्रीमती ज्योति रौतेला ने कहा कि लगभग सात-आठ महीने पहले भी इन्हीं समस्याओं को लेकर विभाग को ज्ञापन सौंपा गया था और समस्याग्रस्त स्थानों का चिन्हीकरण कराया गया था। उस समय भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन मिला था, लेकिन आज तक धरातल पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। केवल औपचारिकताएं निभाई गईं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी विभाग केवल आश्वासन तक सीमित रहा और समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो महिला कांग्रेस क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर और बड़ा जनआंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “कमीशनखोरी बंद करो”, “धर्मपुर की गड्ढों वाली सड़कों का हिसाब कौन देगा”, “जनता के साथ छल बंद करो” और “पीडब्ल्यूडी होश में आओ” जैसे नारे लगाए।
इस अवसर पर लक्खीबाग पार्षद आयुष गुप्ता, पूर्वी पटेलनगर ब्लॉक अध्यक्ष एवं लोहिया नगर पार्षद मुकिम अहमद, बंजारावाला ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र पंवार, हेमंत उप्रेती, फारूक राव, जमाल खान, युवा कांग्रेस महानगर उपाध्यक्ष प्रियांशु गौड, विकास यादव, अनिता सकलानी, रजनी जुयाल, चंदा ध्यानी, हेमा जुयाल, अनुराधा, बबीता, नंदिता गरिया, कुसुम सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा, मातृशक्ति और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




