मसूरी में एबीवीपी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया
पेपर लीक पर छात्रों का आक्रोश, इस्तीफे की मांग
मसूरी (रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह)। देशभर में लगातार हो रही पेपर लीक घटनाओं को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में मसूरी के एमपीजी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन कर दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व एबीवीपी के कॉलेज उपाध्यक्ष अनुज पंवार और कॉलेज विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आशुतोष जोशी ने किया। प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने पेपर लीक की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की।
छात्रों की मुख्य मांगें:
• शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।
• पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच।
• भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।
छात्र नेताओं ने कहा कि पेपर लीक केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि लाखों मेहनती और ईमानदार छात्र-छात्राओं के भविष्य से जुड़ा बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर छात्र हित में एकजुट होकर
आवाज उठाएं।
छात्रों का कहना था कि लगातार हो रही पेपर लीक घटनाओं से युवाओं का शिक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया पर से भरोसा उठता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।




