निर्मल पुर्जी ‘निम्सदाई’ को भावपूर्ण श्रद्धांजलि
गोरखा समाज की वीरता और साहस को किया गया याद
देहरादून
महान पर्वतारोही एवं अदम्य साहस के प्रतीक निर्मल पुर्जी ‘निम्सदाई’ (वीर गोरखा) की स्मृति में आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओबीसी महिला समन्वयक एवं गोरखा प्रकोष्ठ उत्तराखंड की उपाध्यक्ष पिया थापा की ओर से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत आत्मा की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद निर्मल पुर्जी के साहसपूर्ण जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
पिया थापा ने संबोधित करते हुए कहा कि निर्मल पुर्जी केवल एक महान पर्वतारोही नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और कभी हार न मानने की भावना के प्रतीक थे। उन्होंने दुनिया की कठिनतम चोटियों को चुनौती देकर नई मिसाल कायम की। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि वीर गोरखा समाज की पहचान सदैव साहस, शौर्य और देशसेवा से रही है। निर्मल पुर्जी ने अपनी उपलब्धियों से गोरखा समाज के साथ-साथ पूरे देश और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।
विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों को खुकरी भेंट कर सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक, व्यावसायिक, राजनीतिक और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को गोरखाओं की वीरता के प्रतीक पारंपरिक ‘खुकरी’ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नॉर्थ ईस्ट किचन रेस्तरां की अलीशा शर्मा, जे.पी. भट्टराई, मीनू राणा, लाल चंद शर्मा, अधिवक्ता पंकज छेत्री, रितेश छेत्री, हेमंत थापा सहित अन्य को सम्मानित किया गया।
शहीद नीरज थापा की माता सीता थापा को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान माहौल भावुक हो गया। पिया थापा ने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। जिन माताओं ने अपने वीर सपूतों को देश के लिए समर्पित किया, उनके त्याग को कभी नहीं भुलाया जा सकता।
“पर्यटन या सैर-सपाटे के लिए नहीं, मैं अपने लोगों और जनता के लिए आया हूं” — मल्लिकार्जुन खड़गे
मीडिया प्रतिनिधियों का भी सम्मान
कार्यक्रम के सफल आयोजन और समाज की आवाज को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रिंट मीडिया के पत्रकारों एवं प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। पिया थापा ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। गोरखा समाज के इतिहास, संस्कृति और वीरता की गाथाओं को व्यापक स्तर पर सामने लाने में मीडिया का योगदान सराहनीय है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने निर्मल पुर्जी ‘निम्सदाई’ की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की। पिया थापा ने कहा, “निर्मल पुर्जी हमारे बीच भले ही शारीरिक रूप से उपस्थित न हों, लेकिन उनका साहस, संघर्ष और प्रेरणादायी गाथा सदैव जीवित रहेगी।”
कार्यक्रम का समापन “ॐ शांति” और भावपूर्ण श्रद्धांजलि के साथ हुआ।




