मसूरी: धर्मेंद्र सिंह
पिक्चर पैलेस क्षेत्र में बस स्टैंड की ओर जाने वाले मार्ग पर एक निजी निर्माणाधीन भवन के पास मॉल रोड से आने वाले वर्षा जल के प्राकृतिक निकास को ईंटों की चिनाई कर अवरुद्ध कर दिए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी है।
स्थानीय निवासी यश गुप्ता ने कड़ी आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि बिना लोक निर्माण विभाग (PWD) की अनुमति के सड़क के जल निकासी को रोका गया है। उन्होंने बताया कि यह स्थान PWD के अधिकार क्षेत्र की सड़क है और प्राकृतिक जल बहाव को रोकना नियमों के विरुद्ध है।
यश गुप्ता ने कहा, “यदि बारिश का पानी सड़क पर जमा होने लगा तो सड़क की मजबूती प्रभावित होगी। लगातार जलभराव से सड़क क्षतिग्रस्त हो सकती है या धंसने का खतरा बढ़ सकता है।” उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शिकायत भी दी है।
उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि जल निकासी व्यवस्था को तुरंत बहाल किया जाए। यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मामले को उपजिलाधिकारी (SDM) के समक्ष उठाएंगे और सरकारी सड़क का निजी निर्माण के लिए दुरुपयोग किए जाने की जांच कराने की मांग करेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी जैसे पर्यटन स्थल में ऐसी लापरवाही से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि मानसून में जलजमाव से बाढ़ जैसे हालात भी पैदा हो सकते हैं।




