अनिता ममगाईं ने अर्पित किए पुष्प, बलिदान को किया याद
ऋषिकेश, 25 जुलाई 2026 महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, टिहरी जनक्रांति के प्रणेता और उत्तराखंड आंदोलन की प्रेरणा स्रोत अमर शहीद देव सुमन के बलिदान दिवस पर आज ISBT ऋषिकेश स्थित इंद्रमणि बड़ोनी कक्ष (राज्य आंदोलनकारी कक्ष) में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर अनिता ममगाईं ने अमर शहीद देव सुमन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर अनिता ममगाईं ने कहा, “देव सुमन जी ने टिहरी रियासत के निरंकुश शासन के विरुद्ध अपने प्राणों की आहुति देकर लोकतंत्र की नींव रखी। 84 दिन तक चली ऐतिहासिक भूख हड़ताल में उन्होंने जो अदम्य साहस और दृढ़ता दिखाई, वह उत्तराखंड के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। उनका बलिदान हमें अन्याय के विरुद्ध लड़ने और उत्तराखंड के स्वाभिमान की रक्षा करने की निरंतर प्रेरणा देता है।”
राज्य निर्माण सेनानी डी.एस. गुसांई ने कहा कि आज हमें देव सुमन के सपनों वाले उत्तराखंड के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
इस मौके पर गंभीर मेवाड़, बलवीर नेगी सहित बड़ी संख्या में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे। सभी ने अमर शहीद के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।




