भाजपा सरकार का पुतला दहन
देहरादून, 23 जुलाई। उत्तराखण्ड क्रान्ति दल महानगर देहरादून द्वारा आज महानगर अध्यक्ष प्रबीन रमोला के नेतृत्व में द्रोण चौक पर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन आयोजित कर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया।
यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए लाठीचार्ज तथा देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल के आवास के बाहर नर्सिंग अभ्यर्थियों द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने की घटना के विरोध में किया गया।
नेताओं के बयान
महानगर अध्यक्ष प्रबीन रमोला ने कहा कि आज देश और प्रदेश का युवा अपने भविष्य को लेकर सड़कों पर संघर्ष करने को मजबूर है। युवाओं की जायज मांगों की बजाय उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। यदि सरकार समय रहते युवाओं की समस्याओं का समाधान करती तो ऐसी दुखद परिस्थितियां उत्पन्न नहीं होतीं।
केंद्रीय महामंत्री राजेन्द्र बिष्ट ने कहा कि नर्सिंग अभ्यर्थियों द्वारा आत्महत्या का प्रयास प्रदेश की भर्ती व्यवस्था और सरकार की संवेदनहीनता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। युवाओं को न्याय दिलाने के बजाय उन्हें निराशा की ओर धकेला जा रहा है।
महानगर महामंत्री निशिथ मनराल ने मांग की कि दिल्ली में युवाओं पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही नर्सिंग अभ्यर्थियों की सभी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करते हुए प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं को पूर्णतः पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी की और पुतला दहन कर चेतावनी दी कि यदि युवाओं के हितों की लगातार अनदेखी की गई तो उत्तराखण्ड क्रान्ति दल प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगा।
उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी
कार्यक्रम में केन्द्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय, केन्द्रीय उपाध्यक्ष केंद्रपाल तोपवाल, केन्द्रीय महामंत्री मोहन असवाल, रघुवीर राणा, राजेश्वरी रावत, रमा चौहान, सौम्या चौधरी, अनूप बिष्ट, अनिल भण्डारी, कपिल कुमार, गजेन्द्र नेगी, आशीष, मनोज भट्ट, जितेन्द्र सिंह, रमन धनाई, प्रेम पढ़ियार, संगीता, गिरीश कोठारी, आनंद कोठारी, रीता देवी, संगीता बहुगुणा, सुचिता उनियाल, अनीता चन्द, हिमांश पंवार, जतिन चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




